अथर्ववेद के प्रेम गीत...

( गीतानुवाद.)

.रति सक्सेना

वेदों को भारतीय उपनिवेश की ही नहीं अपितु समग्र संसार की प्रथम कविता के रूप में माना जाता रहा है। मैं यहाँ पर न तो वेदों के काव्यत्व पर चर्चा करना चाहती हूँ, और न ही अनेक बार पढ़ लिख लिए गए मंत्रों या ऋचाओं का अनुवाद देना चाहती हूँ । मैं सिर्फ अथर्ववेद में आए कुछ प्रेम गीतों को प्रस्तुत करना चाहती हूँ, बिना किसी प्रस्तावना या विवरण के, जिससे पाठक उन की संवेदना में प्रवेश कर सकें। ये गीत हमारे अग्रजों की काव्य क्षमता को तो दर्शाते हैं ही, साथ ही हमे कविता के बारे मे काफी कुछ सिखा देते हैं।



मधुर मधुर
मधुतर, मधुत्तम
मधुमास में उत्पन्न
मधुजाता औषध !
तेरा खनन करूं मैं मधुहित
तू मधुर, मुझे कर मधुमय
जिह्वाग्र मधुर
जिह्वामूल मधुर
समग्र बोली मधुर
चिन्तन भी हो इतना मधुर
करे वह उपासना मेरे चित्त की
मधुर मेरा आना- जाना
मधुमय उठना बैठना
हे मधुमती ! वनों में
शाखाओं पर तुम दिखती मधुर
मेरा व्यक्तित्व हो वैसा मधुर
अभिसिंचित करो ईख रस सम मधु से
प्रिया प्यार करे इतना
सह ना पाए कभी दूरी
ओ ! मधुर, मधुत्तम औषध !
मधुर बना प्रियाहित मुझे

अथर्ववेद.....1/34/1,2,3,4,5



ज्यों हवा बहती
धरती पर
मथती जाती तिनका- तिनका
मैं करूँ प्रिया मन मंथन
तू कर कामना प्रियतमा बन
न सह कभी दूरी
हे अश्विन कुमारो !
तुम्हारी प्रेरणा से हम प्रेमी
साथ चले
आगे बढ़ें
सम भाव से
मन से मन मिलाते
सम नियम धर्मो का
पालन करते करते
सुनहर पंछी को ज्यों बींधता ज्यों शर
मेरे प्रेम बाण भी करें
कामिनी का मन छेदन
छिपे भाव उमगे बाहर
बाहर का प्रेम, मन के भीतर
बाहर भीतर, भीतर बाहर
मुझे दीखती प्रिया विश्वरूपा
हे औषध ! मिलवा दे उसका मन
ये देखो आई प्रिया,
ले मन में पति कामना
मैं आता हींसते घोड़े सा
बने सुखद
मन मा मन से मिलन
तन से तन का समागम !

अथर्ववेद..... 2/30/1,2,3,4,5



उठ बैठ प्रिया
मत सोती रह
तुझे उठाता मैं प्रेमी
बींधता हृदय
काम के भीर तीर से
यह मेरा काम तीर
प्रतिष्ठत इसके पर
संकल्पों के कुल्मल से
कामना की नोक लगा
तीखा कर धार- धार
भेदता तेरा हृदय
पुरातन पर वाले
तीक्ष्ण काम बाण से
सुखाता हूँ तेरा दिल
तू शुचिता
हृदय विद्धा !
चली आ, चली आ
मृदुल मन
क्रोध रहित
मधुर वचन
चली आ मेरे समीप
पाया मैंने तुझे
माता, पिता से
मेरे कर्म में रत रह
मेरे चित्त में पहुँच
अनुकरण कर,
चली आ, चली आ
अरी प्रिया मत सोती रह
चली आ कामना ले मन में...!

हे मित्रा वरुणौ !
हृदय वश में करो इसका
भूल कर जग
रहे मेरे वश में बस

अथर्ववेद.....3/25/1-6


प्रिया आ
मत दूर जा
लिपट मेरी देह से
लता लतरती ज्यों पेड़ से
मेरे तन के तने से
तू आ टिक जा
अंक लगा मुझे
कभी ना दूर जा
पंछी के पर कतर
जमी पर उतार लाते ज्यों
छेद करता मैं तेरे दिल का
प्रिया आ, मत दूर जा
धरती और अंबर को
सूरज ढ़क लेता ज्यों
तुझे अपनी बीज भूमि बना
आच्छादित कर लूँगा तुरन्त
प्रिया आ, मन में छा
कभी ना दूर जा
आ, प्रिया !

अथर्ववेद 6/8/1,2,3




कामिनी !
कर कामना मेरी देह की
मेरी जंघाओ की
नेत्रों की
अपने मतवाले नैत्रों से
घने लहराते केशों
काम ज्वरित करती तू
मुझे जलाती रह
आ, स्वयं कामोद्दीपा
मेरे तन की कामना करती प्रिया
बाहुओं पर टिका तुझे
अंक- अंक भर लेता हूँ
तू आ,
तनिक विश्राम कर, मेरे दिल में
मेरी क्रियाओं में
रत मन हो
मेरे मन में बस जा
ओ कामिनी!
कामना कर मेरे तन की
सुन्दर नाभि वाली
सुमधुर मनस वाली
गाय के घृत से पोषित तन वाली
नारी हो मेरे वश में ।


अथर्ववेद....6/9/1,2

 

 

मेरी बात | समकालीन कविता | कविता के बारे में | मेरी पसन्द | कवि अग्रज
हमसे मिलिए | पुराने अंक | रचनाएँ भेजिए | पत्र लिखिए | मुख्य पृष्ठ