कृत्या प्रकाशन की  पुस्तकें
कृपया लिंक देखें

 

Abolqasem Esmaelpour ईरान के कवि, अनुवादक और प्राच्य इतिहास विज्ञ हैं , वे परशियन भाषा में कविता रचते हैं, प्रस्तुत कविताएँ उन्होंने चीनी प्रवास के दौरान रची हैं, इसलिए चीनी प्रभाव देखा जा सकता है। इन कविताओं का अनुवाद रति सक्सेना ने कृत्या के लिए किया है।

रेत का हरेक कण

रेत का हरेक कण
तितली है
फुलवाड़ी के मद में मत्त
मैं कहाँ पा सकता हूँ तितली
जो वस्तुतः तितली न हो
जो भूल चुकी हो अपना नाम?
मैं कहाँ पा सकता हूँ वह क्षण
जहाँ आखिरी निगाह की चमक
घुल गई हो आखिरी विदाई में
मैं कहाँ सो सकता हूँ
वक्त के भूलेबिसरे हिम कणों के बीच
या हजारों धाराओं के बीच
फिर खो गईं पत्तियों में?

यह मेरे लिए बस एक बहाना होगा
भूल जाने या फिर मर जाने के लिए
चेहरे ,
कण
तितलियाँ
कहाँ है?
बस इतना बताओ कि कहाँ हैं?

*

शायद तुम सो रही हो
जागते हुए बीजों के बीच
दूसरे आकाश का स्वप्न देखती हुई
जिसे तुम्हे कभी देखा तक नहीं
शायद तुम जग रही हो
किसी दूसेरे स्वप्न में

*
यह सड़क लम्बी है

लम्बी और घुमावदार
हजारों साल पुरानी श्मशान में
जंगली घास के नीचे

बीच रास्ते में
मैं पीछे मुड़ कर देखता हूँ
कोई नहीं है वहाँ
कोई नहीं
सड़क लम्बी है
लम्बी और गुमावदार
प्राचीनतम
अनन्त....

*

तारे बिदा हो गए
कंकड़ों में मिट गए
पीछे मुड़ कर तक नहीं देखा
उसके हाथों से टोकरी गिर गई
तारा चुप था, मूक बस
रंगविहीन आवाजों के शोर में
मूक और घुटा हुआ
भटक रहा था चौराहे पर
यह अब
भी डूब रहा था
झुके हुए दरख्त की तरफ
तारे पर कुल्हाड़ी का वार पड़ा

*

पानी में लेटी हुई औरत
रो रही थी
अपने सीने को भींचते हुए
यादों की कोमल परछाई के साथ
ठंड
मोती बरसा रही थी
संगमरमर की कोमलता पर
बीते हुए वक्त से कुछ भी याद ना करते हुए
झिंगुरों के गीतों से
गर्माहट पाते हुए
जानना भी नहीं चाहती थी
वह कौन है और कहाँ है
अपने को खोने के लिए तैयार
पीला कोहरा चीख रहा था
औरत जग रही थी
दुर्घटना के उदय पर
चुप खड़े दरख्तों के पीछे से
सूर्योदय के गुनगुने संगीत पर प्रेम से
लेकिन उसकी उंगलियाँ छोड़ नहीं पा रहीं थीं
यादों के धागों को

*
पर्दो को खोल दों
नीचे गिरा दो
तिरछी खिड़कियों के ऊपर


*
बीज सो गया है
धड़कन के नीचे
ओस की ललक में
तब जगा
चुम्बन सहित सुबह का चेहरा

 


मेरी बात | समकालीन कविता | कविता के बारे में | मेरी पसन्द | कवि अग्रज
हमसे मिलिए | पुराने अंक | रचनाएँ भेजिए | पत्र लिखिए | मुख्य पृष्ठ