अथर्ववेद के प्रेम गीत...

( गीतानुवाद.)

.रति सक्सेना

आदमी जैसे जैसे संस्कृति की ओर उन्मुख होता है, वैसे वैसे प्रकृति से कटता हुआ कृत्रिमता की ओर बढ़ता जाता है। सांस्कृतिक कृत्रिमता या तो उसके प्राकृतिक भावनाओं को कटघरे में खड़ा कर देती है या फिर ऐसी शक्ल दे देती है कि असलियत पहचानने में वक्त लग जाता है। मानवीय प्रेम को भी हमेशा इस परीक्षा से गुजरना पड़ा है। स्त्री पुरुष का प्रेम जो मानव की सहज अभिव्यक्ति है, हर दौर मे सवालों के दायरे में खड़ी होती है। विशेष रूप से ज्ञान और दर्शन इस नैसर्गिक भाव को सही रूप में व्याख्यायित नहीं कर पाते हैं । एक प्रवृत्ति ऐसी भी बन गई है कि गंभीरता को भावना से अलग करने की कोशिश की जाती है।
वेदों को अप्रतिम ज्ञान की श्रेणी में रखा जाता है , अतः यह मान कर चला जाता है कि उनमे सहज जीवन की बातें हो ही नहीं सकती। वेदों के विषय में भी उनके लोकत्व को नकारने की प्रवृत्ति रही है, यही नहीं लोकत्व को अभिचाटक की श्रेणी लाने की भी कोशिश हुई। वेद तत्कालीन समाज की अभिव्यक्ति है अतः उनमे मानवीय नैसर्गिक भावनाओं को पूरा स्थान मिला है। उन्हें जन सामान्य से अलग करने की प्रवृत्ति ने हमे उनमें निहित नैसर्गिक भावनाओं को समझने से वंचित कर दिया है। यही कारण है कि वेदों में उपलब्ध प्रेम ऋचाओं को कई विद्वानों ने अभिचाटक मंत्रों मे रखा। ऐसी ही कुछ अथर्ववेदीय प्रेम ऋचा‌ओं को पाठको के सामने रखा जा रहा है जिससे वे इन अप्रतिम प्रेम गीतों का आस्वादन कर सकें

*******

मधुर मधुर
मधुतर, मधुत्तम
मधुमास में उत्पन्न
मधुजाता औषध !
तेरा खनन करूं मैं मधुहित
तू मधुर, मुझे कर मधुमय
जिह्वाग्र मधुर
जिह्वामूल मधुर
समग्र बोली मधुर
चिन्तन भी हो इतना मधुर
करे वह उपासना मेरे चित्त की
मधुर मेरा आना- जाना
मधुमय उठना बैठना
हे मधुमती ! वनों में
शाखाओं पर तुम दिखती मधुर
मेरा व्यक्तित्व हो वैसा मधुर
अभिसिंचित करो ईख रस सम मधु से
प्रिया प्यार करे इतना
सह ना पाए कभी दूरी
ओ ! मधुर, मधुत्तम औषध !
मधुर बना प्रियाहित मुझे

अथर्ववेद.....1/34/1,2,3,4,5

*********

ज्यों हवा बहती
धरती पर
मथती जाती तिनका- तिनका
मैं करूँ प्रिया मन मंथन
तू कर कामना प्रियतमा बन
न सह कभी दूरी
हे अश्विन कुमारो !
तुम्हारी प्रेरणा से हम प्रेमी
साथ चले
आगे बढ़ें
सम भाव से
मन से मन मिलाते
सम नियम धर्मो का
पालन करते करते
सुनहर पंछी को ज्यों बींधता ज्यों शर
मेरे प्रेम बाण भी करें
कामिनी का मन छेदन
छिपे भाव उमगे बाहर
बाहर का प्रेम, मन के भीतर
बाहर भीतर, भीतर बाहर
मुझे दीखती प्रिया विश्वरूपा
हे औषध ! मिलवा दे उसका मन
ये देखो आई प्रिया,
ले मन में पति कामना
मैं आता हींसते घोड़े सा
बने सुखद
मन मा मन से मिलन
तन से तन का समागम !

अथर्ववेद..... 2/30/1,2,3,4,5

*******

उठ बैठ प्रिया
मत सोती रह
तुझे उठाता मैं प्रेमी
बींधता हृदय
काम के भीर तीर से
यह मेरा काम तीर
प्रतिष्ठत इसके पर
संकल्पों के कुल्मल से
कामना की नोक लगा
तीखा कर धार- धार
भेदता तेरा हृदय
पुरातन पर वाले
तीक्ष्ण काम बाण से
सुखाता हूँ तेरा दिल
तू शुचिता
हृदय विद्धा !
चली आ, चली आ
मृदुल मन
क्रोध रहित
मधुर वचन
चली आ मेरे समीप
पाया मैंने तुझे
माता, पिता से
मेरे कर्म में रत रह
मेरे चित्त में पहुँच
अनुकरण कर,
चली आ, चली आ
अरी प्रिया मत सोती रह
चली आ कामना ले मन में...!

हे मित्रा वरुणौ !
हृदय वश में करो इसका
भूल कर जग
रहे मेरे वश में बस

अथर्ववेद.....3/25/1-6
*******

प्रिया आ
मत दूर जा
लिपट मेरी देह से
लता लतरती ज्यों पेड़ से
मेरे तन के तने से
तू आ टिक जा
अंक लगा मुझे
कभी ना दूर जा
पंछी के पर कतर
जमी पर उतार लाते ज्यों
छेद करता मैं तेरे दिल का
प्रिया आ, मत दूर जा
धरती और अंबर को
सूरज ढ़क लेता ज्यों
तुझे अपनी बीज भूमि बना
आच्छादित कर लूँगा तुरन्त
प्रिया आ, मन में छा
कभी ना दूर जा
आ, प्रिया !

अथर्ववेद 6/8/1,2,3


**********

कामिनी !
कर कामना मेरी देह की
मेरी जंघाओ की
नेत्रों की
अपने मतवाले नैत्रों से
घने लहराते केशों
काम ज्वरित करती तू
मुझे जलाती रह
आ, स्वयं कामोद्दीपा
मेरे तन की कामना करती प्रिया
बाहुओं पर टिका तुझे
अंक- अंक भर लेता हूँ
तू आ,
तनिक विश्राम कर, मेरे दिल में
मेरी क्रियाओं में
रत मन हो
मेरे मन में बस जा
ओ कामिनी!
कामना कर मेरे तन की
सुन्दर नाभि वाली
सुमधुर मनस वाली
गाय के घृत से पोषित तन वाली
नारी हो मेरे वश में ।


अथर्ववेद....6/9/1,2

ज्या उतरती धनु से ज्यों
उतारता मैं क्रोध
तेरे हृदय से
तू संमनस
संचरण करे हम
सदैव सखा सम
तेरे हृदय से क्रोध उतार
दबा दूँ मैं
भारी चट्टान तले
खड़ा हो जाऊँ उस पर
तूरह बस मेरे वश में
अनुकरण कर
बस मेरा

अथर्ववेद- 6.42.1-3

******

हे अश्विन
ज्यों घोड़ा दौड़े
पिया चित्त आए मेरी ओर
ज्यो घुड़सवार के बस में
लगाम से घोड़ा रहे
रहे तेरा मन
मेरे बस में
करे मेरा अनुकरण
मैं खीचता
चित्त तेरा
ज्यों खींचे राजअश्व
घुड़सवार
मथित करू तेरा दिल
आँधी में भ्रमित तिनके जैसा
कोमल स्पर्श से
कर उबटन तन पर
मधुर औषधियों से जो बना
पकड़ लूँ मैं हाथ
भाग्य का कस के

ss="tip" dir="ltr">
अथर्ववेद...6.102, 1-3

****

हे सहस्रपर्णौ सौभाग्य उदया !
तू उग
तैंतीस शाखाएँ फैलाती
सहस्र पर्णों से
प्रेम शुष्क करूं
तेरा हृदय
तड़पे प्यार में
मुँह सूखे
प्यार में मेरे
वन में शोभित
पुष्पवती, पीली
कल्याणवती
समाकर्षका , सप्तपर्ण !
लुभा दिल उसका
प्रेरित कर
मेरी ओर
समभाव दोनों दिलों में
प्यासे के मुँह सा
सूखे प्रेमी मुँह
नकुल ज्यों
काट सर्प
जोड़ देता है पुनः
हे देवी !
तू जोड़ दे
काम वियुक्त हृदय.

अथर्ववेद‌‌‍‍ -6-139-1-5
 

*****


प्रेमिका का गीत

रथजिता
रथी द्वारा जिता
अप्सराओं का काम
देवताओं का स्मर
तड़पाए तुझे
मेरे प्यार से
मैं कामना करूँ
तू जले मेरे प्यार में
मैँ जलूँ तेरे प्यार में
देव प्रेरित स्मर
तड़पाए तुझे
मेरे प्यार में
वह मुझे चाहे
प्रेम में जलते हुए
मैं न तड़पू
देव प्रेरित स्मर
तड़पाए तुझे
मेरे प्रेम से
उन्मत्त करों मरुत
हे अन्तरिक्ष ! उन्मत्त करो
हे अग्नि ! उन्मत्त करो
वह चला आए
पीछे पीछे मेरे
काम में जलते हुए.

अथर्ववेद - 6.130.1-4

*****
तुझे प्रेम मे
डूबोती हूँ
सिर से पाँव तक
देव प्रेरित काम
तड़पाए तुझे
मेरे प्यार से
हे अनुमते !
तू सहाय कर
आकूति सहाय कर
देव प्रेरित काम
तड़पाए तुझे
मेरे प्यार से
तू जाए यदि
तीन योजन
या पाँच योजन
घोड़े पर बैठ कर
फिर फिर लौट कर
वापिस आए
पिता बने
मेरे पुत्रों का
अपने प्रेम से
तड़पाती हूँ मैं तुझे

अथर्ववेद - 6.131.1-3

*****

प्रेमिकाओं के गीत‍‍

दिल तड़पाते काम को
देवताओं ने
जल में सिंचित किया
उसी से तड़पाती हूँ मैं
वरुण के धर्म से
इन्द्राणी ने
तड़पाते प्रेम को
सिंचित कर दिया
जल में
उसी से तड़पाती तुझे
वरुण नियम धर्म से
इन्द्राग्नि ने
दिल सुखाते काम को
जल से सिंचित कर दिया
उसी से तड़पाती तुझे
वरुण नियम धर्म से
मित्र और वरुण ने
जल में सिंचित किया
जिस काम को
उसी से तड़पाती तुझे
वरुण नियम धर्म से
अथर्ववेद‍ 6-132-1-5

कन्या की वर प्राप्ति की कामना

हे अग्नि!
इस सुमति सुमंगली
कुमारी को
पति दो
भाग्यवान
यह सुन्दरी
पावे
मनचाहा प्रीतम
सौभाग्य से
हे सोमतृप्त, ब्रह्म तृप्त,
हे देव पूरी करो कामना
पति निवेदिता
कामिनी की
सोम राजा ने बनाया
इसे सुन्दरी
यह नारी पावे योग्य पति
सुयोग्य पुत्रों की माता बन
सुख पावे पति संग
गुहा सुखद
यह नारी पावे
सुख यूँ ही
रहे सदा पति संग
कभी ना बने विरोधनी
भाग्य चढ़ाए इसे
पूर्ण करे कामनाएँ
पावे सुयोग्य पति
जिसकी हो कामना
धनवान वरण करे इसका
प्रदक्षिणा कर स्वीकार करे
कहे कि यह मेरी पत्नी है
हम देते तुझे
गुग्गुल, स्वर्ण , मोक्षदायिनी भाग्य
सफल हो कामना
मिले सुयोग्य पति

हे सविता ! प्ररित करो पति
कामना लिए इस कामिनी की
औषध धारण करो


अथर्ववेद‍‍‍‍‍ 2.36.1-8


विवाह गीतों में प्रेम

वर वधु गीत
हम देखे
सुन्दर
सुनेत्रों से
चेहरे दमके
दिपदिप
तू समा ले मुझे
अपने दिल में
एक मन
एक विचार
रहें हम
साथ साथ

अथर्ववेद‍‍‍‍‍ 7.36.1

विवाह के वक्त पति का स्नेहदान

मनु ने जो दिया वस्त्र
पहनाता तुझे
तू रह मेरी
बस मेरी
न गीत गाए
कभी
किसी और के

अथर्ववेद‍ 7.37.1

 

  क्रमशः.................

 

मेरी बात | समकालीन कविता | कविता के बारे में | मेरी पसन्द | कवि अग्रज
हमसे मिलिए | पुराने अंक | रचनाएँ भेजिए | पत्र लिखिए | मुख्य पृष्ठ